चार पहिया वाहन की मांग को लेकर बारात नहीं लाने का आरोप, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की कच्ची सड़क चौकी अंतर्गत महमूदनगर, गली नंबर-5 में शादी समारोह से जुड़ा मामला सामने आया है। युवती के परिजनों का आरोप है कि 25 अक्टूबर 2026 को बारात आने और विवाह की रस्मों की तैयारियां पूरी होने के बावजूद दूल्हा पक्ष बारात लेकर नहीं पहुंचा। आरोप है कि चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने के कारण ऐन वक्त पर बारात लाने से इनकार कर दिया गया।

परिजनों के मुताबिक, शादी को लेकर घर में तैयारियां पूरी थीं और रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। बारात नहीं आने से परिवार में खुशी का माहौल अचानक गम में बदल गया। परिजनों का कहना है कि इस घटनाक्रम से युवती और उसके परिवार को मानसिक रूप से काफी आघात पहुंचा है।

27 जून को निकाह होने का दावा

मामले से जुड़े उपलब्ध दस्तावेज के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच 27 जून 2026 को निकाह होने का उल्लेख है। दस्तावेज में दोनों द्वारा अपनी इच्छा से निकाह करने तथा बिना दबाव, लालच या किसी के बहकावे में आए विवाह करने की बात दर्ज है। साथ ही पति-पत्नी की जिम्मेदारियों और दहेज को लेकर किसी प्रकार के ताने या मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना नहीं देने संबंधी शर्तों का भी उल्लेख किया गया है।

अब 25 अक्टूबर को बारात नहीं पहुंचने और चार पहिया वाहन की कथित मांग को लेकर सामने आए आरोपों से मामला चर्चा में है। युवती के परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।

संवाददाता: शफीक राजपूत