मसूरी में भूस्खलन से स्प्रिंग रोड पर यातायात बाधित, सड़क पर आया मलबा

मसूरी। शहर में बारिश के बीच स्प्रिंग रोड पर नौ मंजिला मंदिर के निकट अचानक भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के कारण बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सड़क पर मलबा होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह ही सड़क पर मलबा आ गया था, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद इसे हटाया नहीं गया। मलबे के सड़क पर पड़े रहने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कराने की मांग की है। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए लोगों ने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की भी मांग की है।