

देहरादून, उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत कोविड-19 एवं अन्य कारणों से माता-पिता अथवा अभिभावक को खो चुके बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए सहायता राशि जारी की।

विभागीय जानकारी के अनुसार अप्रैल, मई एवं जून 2026 की अवधि के लिए कुल ₹4.39 करोड़ (439.32 लाख रुपये) की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। इस दौरान अप्रैल में 4,917, मई में 4,879 तथा जून में 4,848 बच्चों को योजना का लाभ मिला। योजना के तहत पात्र प्रत्येक बच्चे को 21 वर्ष की आयु तक ₹3,000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों की शिक्षा, पोषण और समुचित पालन-पोषण सुनिश्चित करना है, जिन्होंने असमय अपने माता-पिता या अभिभावक को खो दिया है। सरकार पारदर्शी एवं डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला कल्याण विभाग ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को भविष्य में भी नियमित रूप से डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती रहेगी।
