
रुड़की। जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले रुड़की के युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल का शुक्रवार को शहर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनके सम्मान में मोहनपुरा स्थित शूटिंग रेंज में समारोह आयोजित किया गया, जहां ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की वर्षा और मिठाई खिलाकर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया।
हाल ही में 16 से 26 जून तक जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में अभिनव देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में अभिनव के पिता मनोज देशवाल, माता संगीता देशवाल और कोच अमित कुमार धीमान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोजमो संयोजक सुभाष सैनी, शीलचंद सैनी, स्वाति सिंह, विक्रांत पंवार, अर्जुन पंवार, अंकिता देशवाल, डॉ. परमेंद्र देशवाल, मधु देशवाल, टीना, संसार सिंह, रोहित बालियान, सुमित चौधरी तथा अन्य खेल प्रेमियों ने अभिनव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
