दिल्ली के आईटीआई होंगे हाई-टेक: युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीक से प्रशिक्षण

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार राजधानी के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली के चार प्रमुख आईटीआई में नई हाई-टेक लैब्स स्थापित की जाएंगी और पुरानी लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है। नई लैब्स में आधुनिक मशीनें, डिजिटल सिस्टम, सिमुलेशन तकनीक और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जहांगीरपुरी आईटीआई में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब
आईटीआई जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी, जहां इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां पीएलसी किट, मोटर कंट्रोल पैनल, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, रिले सिस्टम, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इस लैब से करीब 480 प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा।

हरि नगर आईटीआई में वेल्डर लैब का अपग्रेड
आईटीआई जेल रोड (हरि नगर) में वेल्डर लैब को आधुनिक बनाया जाएगा। यहां एडवांस वेल्डिंग मशीनें और सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें आर्क, एमआईजी, टीआईजी वेल्डिंग, गैस और प्लाज्मा कटिंग जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सुविधा से लगभग 200 छात्रों को लाभ होगा।

निजामुद्दीन आईटीआई में वीआर आधारित प्रशिक्षण
आईटीआई निजामुद्दीन में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक से लैस किया जाएगा। यहां छात्र ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग जैसे कार्यों का प्रशिक्षण वर्चुअल वातावरण में ले सकेंगे। साथ ही एबीएस ब्रेकिंग सिस्टम, एयरबैग और आधुनिक वाहन तकनीक पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे 208 प्रशिक्षुओं को फायदा मिलेगा।

सरकार का मानना है कि इन आधुनिक सुविधाओं से युवाओं को उद्योगों के अनुरूप कौशल मिलेगा, जिससे उनके लिए रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर बढ़ेंगे।