देहरादून में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, आज करेंगे इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण

Dehradun :नरेंद्र मोदी आज दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले उन्होंने सिद्धपीठ मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

इसके बाद प्रधानमंत्री देहरादून में भव्य रोड शो कर रहे हैं। पहली बार राजधानी देहरादून में लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित किया गया है। इसके पश्चात वे गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

यह प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड दौरा प्रधानमंत्री बनने के बाद 28वां दौरा है। इस दौरान वे 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात देंगे। साथ ही, देश के पहले 1000 मेगावाट क्षमता वाले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे।

धार्मिक दृष्टि से भी प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। वे अब तक केदारनाथ मंदिर के पांच दौरे कर चुके हैं, जबकि बद्रीनाथ मंदिर और मुखबा गांव का भी भ्रमण कर चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण भी किया और व्यू प्वाइंट से पूरे कॉरिडोर का अवलोकन किया।

यह दौरा राज्य के विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।