

पोखड़ा क्षेत्र में गुलदार के आतंक का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चार साल की मासूम बच्ची को गुलदार ने घर की चौखट से ही अपना निवाला बना लिया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

ग्राम प्रधान गडरी (कोला गाड़) रश्मि देवी के अनुसार, ग्रामसभा के भतकोट गांव निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि गुरुवार शाम करीब आठ बजे अपने घर की चौखट के पास बैठकर खाना खा रही थी। उसके पास ही उसकी 10 वर्षीय बड़ी बहन और दादी भी भोजन कर रहे थे।

इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दृष्टि को चौखट से खींच लिया और जंगल की ओर ले गया। बच्ची और परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और बच्ची की तलाश शुरू की गई।
काफी खोजबीन के बाद गुरुवार देर शाम घर से लगभग दो किलोमीटर दूर मासूम दृष्टि का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर पोखड़ा नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ तथा सतपुली पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उन्होंने जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद घर के पास ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
