
देहरादून। दो दिन बाद प्रदेशभर में मौसम खुलते ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का अहसास हुआ। शनिवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली।
हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासकर तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
