जासूसी फिल्म जैसी साजिश में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या, शूटर अलग-अलग साधनों से पहुंचे दून

देहरादून। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या की पटकथा किसी जासूसी फिल्म की कहानी से कम नहीं थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीन शूटर अलग-अलग साधनों से हरिद्वार पहुंचे, वहां एक साथ मिले और फिर देहरादून आकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद तीनों एक साथ मौके से फरार हुए, लेकिन हरिद्वार से आगे अलग-अलग माध्यमों से भाग निकले।

पुलिस के अनुसार एक आरोपी फ्लाइट से, दूसरा ट्रेन से और तीसरा अन्य वाहन से उत्तराखंड पहुंचा था। ट्रेन से आने वाला आरोपी ट्रेन से ही वापस लौटा, जबकि बाकी दो अलग-अलग साधनों से फरार हो गए। शुरुआती जांच में तीन शूटर—आकाश, आशुतोष और विशाल—के नाम सामने आए हैं, हालांकि सूत्रों का कहना है कि इनके अलावा भी कई लोग साजिश में शामिल थे, जो परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सहायता दे रहे थे।

चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड की सुपारी बेहद शातिर बदमाशों को दी गई थी और मास्टरमाइंड ने पूरी योजना बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार की थी, जिससे खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी देहरादून ने बताया कि मामले में कई लोगों से पूछताछ की गई है और पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


विक्रम की पत्नी ने भाई पर लगाए आरोप

हत्या के बाद पुलिस ने विक्रम शर्मा की पत्नी और उसके भाई से भी पूछताछ की है। पत्नी ने विक्रम के भाई अरविंद शर्मा पर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों के बीच प्रॉपर्टी और पैसों के लेनदेन को लेकर पुराने विवाद चल रहे थे। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।


झारखंड में दबिश दे रही उत्तराखंड पुलिस

मामले की जांच में जुटी उत्तराखंड पुलिस की टीमें झारखंड में दबिश दे रही हैं। शूटरों के करीबियों और संदिग्धों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का कहना है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।


यह है पूरा मामला

बीते शुक्रवार को सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विक्रम पर झारखंड में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर था और वह प्रॉपर्टी कारोबार में भी सक्रिय था।

घटना के दिन वह रोज की तरह मॉल स्थित जिम में व्यायाम करने गया था। रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर जिम से बाहर निकलते समय सीढ़ियों पर घात लगाए दो हमलावरों ने उसके सिर पर बेहद नजदीक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।