
मंगलौर,
कस्बे में जमीन के सौदे के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्लॉट का मालिक बताकर पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठ लिए और साथ ही उसकी कार भी अपने कब्जे में ले ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव चुड़ियाला मोहनपुर निवासी मामू कुमार ने मंगलौर कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उन्होंने शिकारपुर निवासी नौशाद के साथ गांव मोहनपुरा में 1200 वर्ग फुट के प्लॉट का सौदा 36 लाख रुपये में तय किया था। आरोप है कि 13 मई 2025 को उन्होंने आठ लाख रुपये नकद बयाने के तौर पर दिए, जिसकी नोटरी रसीद भी तैयार कराई गई थी।
इसी दौरान पीड़ित की कार का सौदा भी नौशाद से 26 लाख रुपये में तय हुआ। सहमति के अनुसार आठ लाख रुपये समायोजित कर शेष राशि किस्तों में चुकाई जानी थी। पीड़ित का कहना है कि कार लेने के बाद आरोपी ने एक भी किस्त जमा नहीं की। बैंक की सिबिल खराब न हो, इसके लिए उन्हें खुद ही 32-32 हजार रुपये की चार किस्तें भरनी पड़ीं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने प्लॉट के दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला कि जमीन का वास्तविक स्वामी पवन कुमार है और आरोपी का उस संपत्ति से कोई वैधानिक संबंध नहीं है। 23 अक्टूबर 2025 को जब पीड़ित ने अपने रुपये और कार वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी नौशाद निवासी शिकारपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

