रुड़की नगर निगम क्षेत्र की कई परियोजना मंजूर,महापौर अनीता अग्रवाल और विधायक प्रदीप बत्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं को शासन से स्वीकृति मिल गई है। शासन की ओर से नगर आयुक्त को आए पत्र में यह जानकारी दी गई है। इस पर महापौर अनीता अग्रवाल और विधायक प्रदीप बत्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। कहा है कि रुड़की क्षेत्र का विकास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकताओं में है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं से नगर निगम रुड़की के हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। पेयजल आपूर्ति सुचारू होगी, वहीं सीवर लाइन की दिक़्क़तों से भी जनता को राहत मिलेगी। इन प्रस्तावों के मंज़ूर होते ही नगर में लंबे समय से लंबित पेयजल और सीवर संबंधी समस्याओं का समाधान होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
स्वीकृत कार्यों में रुड़की नगर के अंतर्गत एडीबीपी द्वारा छोड़े गए प्रॉपर्टी चैंबर एवं हाउस कनेक्शन का कार्य किया जाएगा। रुड़की सीवर योजना के अंतर्गत रामनगर एवं काशीपुर में एडीबीपी द्वारा छोड़ी गई सीवर लाइन का निर्माण कार्य किया जाएगा। रुड़की नगर के अंतर्गत सिविल लाइंस, आदर्श नगर, सोलानीपुरम एवं खंजरपुर आदि में सीवर द्वितीय फेस का निर्माण कार्य किया जाएगा। रुड़की नगर के अंतर्गत गणेशपुर के स्थान पर किसी अन्य स्थान पर सीवेज पंप का निर्माण कार्य किया जाएगा। वहीं जानकारी मिली है कि ड्रेनेज प्लान को भी स्वीकृति मिलने के आसार बन रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में जिलाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित भी किया हुआ है कि रुड़की नगर निगम क्षेत्र का ड्रेनेज सिस्टम सुधारने के प्रयास तेजी से किए जाए।