
मुरादाबाद। सर्दियों में घने कोहरे के चलते तीन माह के लिए स्थगित की गईं 26 ट्रेनें रविवार से पुनः पटरी पर लौट आई हैं। ट्रेनों के संचालन बहाल होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही जिन 12 ट्रेनों के फेरे घटाए गए थे, वे भी अब सामान्य रूप से संचालित होंगी।

गौरतलब है कि सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे प्रशासन ने 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक मुरादाबाद मंडल में संचालित 26 ट्रेनों का परिचालन स्थगित कर दिया था। वहीं, 12 ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई थी। इन ट्रेनों में लंबी दूरी की कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल थीं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि कोहरे के दौरान संरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया था। अब मौसम में सुधार के साथ सभी संबंधित ट्रेनों का नियमित संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।
रेलवे के इस फैसले से खासकर दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिली है।
